नैनीताल: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से सोमवार सुबह जारी सूचना में बताया गया कि जिले में बीती रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। नैनीताल में 24 मिमी, हल्द्वानी में 35 मिमी, लालकुआं में 13.5 मिमी, रामनगर में 1.6 मिमी, धारी में 15 मिमी, भीमताल में 25 मिमी, कालाढूंगी में 82 मिमी और चोरगलिया (हल्द्वानी) में 45 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
बारिश के कारण जिले में 1 राष्ट्रीय राजमार्ग, 3 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग और 11 ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए हैं। इनमें ज्योलीकोट–व्यावर मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग), गौज्यानी–घुघुखाम–बेतालघाट, मल्ला व्यावर–कालापानी, रामनगर–शरणकोट, हल्द्वानी–चोरगलिया मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कें शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार सभी मार्गों को 1 सितम्बर से बाधित दिखाया गया है और इन्हें खोलने का कार्य जारी है।
वहीं, ओखलकांडा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। शेर नाला और सूर्या नाला में तेज पानी का प्रवाह होने के चलते यातायात रोक दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि गीला बैराज का जलस्तर सुबह 3:56 बजे 55,152 क्यूसेक, कोसी बैराज का जलस्तर 4:04 बजे 28,097 क्यूसेक और गौला बैराज का जलस्तर सुबह 3:07 बजे 28,848 क्यूसेक दर्ज किया गया।
भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए लालकुआं तहसील क्षेत्र में 70 से 80 लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और मौसम विभाग की अपडेट जानकारी पर नजर बनाए रखें।
