नैनीताल:।
लगातार हो रही भारी बारिश और 2 सितम्बर को भी जनपद नैनीताल सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल वंदना ने जानकारी दी कि संभावित आपदा जोखिमों जैसे भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव, तेज आंधी और नदियों-नालों में बढ़ते बहाव को ध्यान में रखते हुए जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 2 सितम्बर 2025 (मंगलवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में आवश्यकतानुसार उपस्थित रहें और आपदा की स्थिति में समन्वय बनाए रखें। किसी भी आपदा की घटना की सूचना तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष नैनीताल (दूरभाष: 05942-231178, 231179 या टोल फ्री नंबर 1077) पर दी जा सकती है।
साथ ही, जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तुरंत कार्यवाही कर यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं।

