नैनीताल: 5 सितंबर को आयोजित होने वाली नंदा देवी मेला डोला शोभायात्रा के मद्देनज़र नैनीताल पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह प्लान सुबह 10 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक लागू रहेगा।
यातायात व्यवस्था के अनुसार, कालाढूंगी से भवाली और कैचीधाम की ओर जाने वाले वाहनों को रुसी-1 और रुसी-2 मार्ग से बैण्ड नंबर-1 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं भवाली से यूपी, दिल्ली और हरियाणा जाने वाले वाहनों को भी इन्हीं रास्तों से भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के दौरान मल्लीताल खड़ी बाजार, मोहनको रोड और रिक्शा स्टैंड से गुजरते समय बारापत्थर, मन्नुमहारानी और लोअर माल रोड की ओर आने वाले ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका जाएगा। अपर माल रोड, भवाली रोड और टोल टैक्स क्षेत्र से आने वाले वाहनों को भी यात्रा की स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।
जरूरत पड़ने पर हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को हनुमानगढ़ी पर ही रोक दिया जाएगा। इसी तरह शोभायात्रा के डांट और रिक्शा स्टैंड क्षेत्र में पहुंचने पर लोअर माल रोड और मोहनको रोड की ओर का यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नैनीताल शहर की पार्किंग 70 प्रतिशत भरने पर वाहनों को नारायण नगर और रुसी-2 में पार्क कराया जाएगा। वहां से यात्रियों को शटल सेवा के जरिए शहर तक लाया जाएगा।
