नैनीताल: झील किनारे ठंडी हवा और सुकून के बीच नौकायन कर रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग ने अचानक ऐसा कदम उठाया जिससे वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। गुरुवार सुबह बरेली निवासी अवतार सिंह नाव में सवार होकर नौकायन कर रहे थे। नाव बीच झील में पहुंची तो उन्होंने अपनी जेब से पाँच-पाँच सौ रुपये के दो नोट निकाले और उन्हें नाव चालक को थमाते हुए कहा कि एक नोट मंदिर और दूसरा गुरुद्वारे में चढ़ा देना।
नाव चालक उनकी इस बात को समझ पाता, उससे पहले ही बुजुर्ग ने अपनी पहनी हुई लाइफ जैकेट उतारी और अचानक झील में छलांग लगा दी। झील में उन्हें कूदते देख आसपास मौजूद अन्य नाव चालकों ने तुरंत नावों से पहुँचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गनीमत रही कि समय रहते उन्हें सुरक्षित झील से बाहर निकाल लिया गया, वरना हादसा बड़ा हो सकता था।
सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस भी मौके पर पहुँची और बुजुर्ग को चौकी लाया गया। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से पारिवारिक अवसाद से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें नैनीताल बुलाया। परिजनों की मौजूदगी में बुजुर्ग की काउंसलिंग कराई गई। एसआई सतीश उपाध्याय ने बताया कि काउंसलिंग के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
