नैनीताल: नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र के नगरीगांव में शनिवार, 6 सितंबर को पैसों को लेकर विवाद में बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। घटना कैलाश व्यू क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सचिन ने अपने 65 वर्षीय पिता राजकुमार से कुछ पैसे मांगे थे। जब पिता ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो सचिन नाराज हो गया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को देखकर आरोपी सचिन भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे तत्काल पकड़ लिया। जांच में पता चला कि आरोपी नशे का आदी है और पैसे की मांग पूरी न होने पर उसने यह कदम उठाया।
फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रभारी भवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और प्रभारी कोतवाल प्रकाश मेहरा मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि आरोपी ने पैसे मांगने के दौरान नाराज होकर अपने पिता पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है और सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
