देहरादून: पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियों में कमी आई है, लेकिन बीते सप्ताह की स्थिति सामान्य से काफी अलग रही। प्रदेश में 28 अगस्त से 3 सितंबर तक कुल 187.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 200 प्रतिशत अधिक है। सबसे अधिक बारिश बागेश्वर जिले में 274.3 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 686 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, ऊधमसिंह नगर में 327 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 440 प्रतिशत अधिक है। सबसे कम बारिश पौड़ी में 73 मिमी रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 9 प्रतिशत कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज देहरादून, चंपावत और नैनीताल में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से गर्मी का असर बना रहेगा। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में हल्की बारिश के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश से आपदा जैसे हालात भी बन गए हैं। प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
