कोटद्वार:: रुड़की के गंगनहर थाने में तैनात पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह की सेवा रिवॉल्वर से गोली चलने के बाद उसकी पत्नी और भाभी घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर गहन जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
सोमवार को श्रीनगर से एसआई लक्ष्मी सकलानी के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम झंडीचौड़ उत्तरी, कोटद्वार भाबर में जांच के लिए पहुँची। टीम ने दो घंटे तक निरीक्षण कर मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। स्थानीय पुलिस ने रविवार को ही घटनास्थल को सील कर दिया था और पुलिसकर्मी की सेवा रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया।
संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली
परिजनों के अनुसार, हरेंद्र सिंह अपने पितरों का श्राद्ध करने घर आया था। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली फर्श से टकराकर उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी और भाभी पुनीता देवी को लग गई। दोनों घायल महिलाओं को उपचार के बाद बिजनौर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विभागीय जांच जारी
मामला विभागीय होने के कारण कोटद्वार पुलिस द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट हरिद्वार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया। जांच में कण्वघाटी चौकी इंचार्ज एसआई दीपक सिंह पंवार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।
