देहरादून: उत्तराखंड में आज कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न की वजह से इस बार मानसून की बारिश सामान्य से अधिक हो रही है।
प्रदेश में आगामी 18 सितंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। टिहरी जनपद में भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। देहरादून में शुक्रवार शाम से लगातार बारिश हो रही है, जिससे गर्मी से राहत मिली है।
बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव और रास्तों में परेशानी बढ़ गई है। गंगा का जलस्तर 338.16 मीटर तक बढ़ गया है, जिसके चलते रिवर राफ्टिंग पर रोक लगाई गई है। जलस्तर 337.50 मीटर पर आने के बाद तकनीकी समिति निरीक्षण करेगी और उसके बाद ही राफ्टिंग शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
यमुनोत्री धाम के लिए पंजीकरण शुरू
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत यमुनोत्री धाम के लिए ऑफलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। पिछले दिनों लगातार बारिश, भूस्खलन और सड़कें टूटने के कारण यात्रा प्रभावित हुई थी। विशेष रूप से यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा बाधित रही।
5 अगस्त को धराली में आई आपदा के बाद से गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा बंद थी। बद्रीनाथ और केदारनाथ की यात्रा 1 से 5 सितंबर तक स्थगित रखी गई थी। अब यात्रा सुचारू हो रही है और यात्री यमुनोत्री धाम के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
