उत्तरकाशी: मनोरी थाना क्षेत्र के बयाणा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 32 वर्षीय विष्णु चौहान ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी वर्षा की धारदार हथियार और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जबकि पत्नी दो मासूम बच्चों को पीछे छोड़ गई। पूरे क्षेत्र में इस वारदात को लेकर शोक और भय का माहौल है।
कैसे सामने आई घटना
शुक्रवार दोपहर जेठानी को जानकारी मिली कि वर्षा बाथरूम में बेहोश पड़ी है और उसका पति घर पर नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। वर्षा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वर्षा के सिर पर गंभीर चोटों और गला घोंटने के निशान पाए गए।

वर्षा के मायके पक्ष से उसके पिता चत्तर सिंह पंवार और अन्य परिजनों ने मनेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी पत्नी के साथ मारपीट कर चुका है।
वर्षा के पिता चत्तर सिंह पंवार ने रोते हुए बताया कि उनकी सात बेटियाँ हैं। वर्षा उनकी पांचवीं बेटी थी और उसकी शादी दस साल पहले विष्णु से हुई थी। पहले भी विवाद के चलते वह अपने मायके चली गई थी, लेकिन पंचायत चुनाव से पहले समझौते के बाद वापस ससुराल लौट आई थी। उन्हें विश्वास था कि अब सब ठीक रहेगा, परंतु कुछ ही समय में उन्हें अपनी बेटी का लहूलुहान शव देखना पड़ा।
दो मासूम बच्चों पर भारी पड़ा यह हादसा
वर्षा दो बच्चों की माँ थी, जिनकी उम्र सात और छह साल है। माँ की मौत के बाद बच्चों की परवरिश को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमों को लगाया है।
