नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में 14 से 17 अक्टूबर तक होने वाली अखिल भारतीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें खेल विभाग के अधिकारी, बॉक्सिंग से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आयोजक शामिल हुए। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में और जिलाधिकारी के निर्देशन में किया जाएगा।
बैठक में देशभर से आने वाली टीमों के रहने और खाने की व्यवस्था, रिंग लाने व लगाने, टेंट, माइक, ट्रांसपोर्ट वाहन, स्वागत समिति, उद्घोषक, ऑफिसियल, वॉलंटियर और समन्वय अधिकारी की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। आयोजन में लगभग 90 महिला बॉक्सरों के आने की संभावना है, जबकि कोच, मैनेजर, ऑफिसियल, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वॉलंटियर समेत कुल संख्या 170 के आसपास होगी।
प्रतियोगिता में पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, ऑल इंडिया पुलिस, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशनल बोर्ड, एस.एस.सी.बी., उत्तराखंड समेत कई अन्य टीमों की भागीदारी की उम्मीद जताई गई है।
बैठक में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और राज्य बॉक्सिंग के जनक मुखर्जी निर्वाण, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव गोपाल खोलिया, नवीन टम्टा, बॉक्सिंग कोच अजय कुमार, पुष्पा धरमवाल, मनोज कुमार, भगवत मेर, रंजीत थापा, सुनील कुमार, उद्घोषक नवीन पांडे और कमल जगाती आदि उपस्थित रहे।
यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामचीन खिलाड़ी भाग लेकर खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
