हल्द्वानी: मुखानी पुलिस ने कच्ची शराब की तस्करी में संलिप्त दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे और शराब छुपाने के लिए अपने घर में टिनशेड के कमरे के नीचे जमीन में नीले ड्रम गाड़कर कच्ची शराब रखे हुए थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 250 पाउच कच्ची शराब बरामद की। साथ ही आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी पीएन मीणा द्वारा आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के बाद मुखानी थाने की टीम सतर्क हो गई। शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर फतेहपुर गुजरौड़ा स्थित कंजर बस्ती के पास छापा मारा गया। पुलिस ने घर के अंदर चारपाई के नीचे जमीन में दबे नीले ड्रमों से 250 पाउच कच्ची शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गए।
आरोपियों की पहचान अरुण आर्या और करन आर्या के रूप में हुई है। दोनों फतेहपुर गुजरौड़ा के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले से छह मुकदमे आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए लगातार प्रयास तेज कर दिए हैं।
मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर रोक लगाई जा सके।
