देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून-बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास और हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु से बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार, निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही प्रदेश के युवाओं, आईटी प्रोफेशनल्स, छात्रों और उद्यमियों को यात्रा में सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए अधोसंरचना निर्माण और नीति स्तर पर निरंतर प्रयास कर रही है।
फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, दोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह तथा यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि पहली उड़ान सोमवार को अपराह्न 4:30 बजे देहरादून से रवाना हुई और 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। यह सेवा यात्रियों को चेन्नई, गोवा, कोच्चि, पुणे, विशाखापत्तनम समेत 18 प्रमुख शहरों तक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी का लाभ प्रदान करेगी।
इस विशेष अवसर पर पहली उड़ान में तैनात बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला से प्रेरित आकर्षक टेल आर्ट प्रदर्शित किया गया, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक सौंदर्य का अलग ही आकर्षण जोड़ दिया।
यह नई हवाई सेवा न केवल राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
