नैनीताल। बीते दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई स्थानों पर भूस्खलन और अन्य घटनाएँ सामने आई हैं। मंगलवार को नगर के नारायण नगर वार्ड स्थित एटीआई मार्ग में बारिश के कारण अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया। इस दौरान एक स्कूटी सवार घायल हो गया जबकि उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर अन्य कोई यात्री नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी टूट गईं, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सभासद भगवत सिंह रावत मौके पर पहुँचे। उन्होंने तत्काल पेड़ को कटवाकर मार्ग को खोलने का काम शुरू कराया और यातायात सुचारू कराया। इसके साथ ही बिजली विभाग को सूचित कर आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू कराए गए।
