हल्द्वानी: दमुवाढुंगा क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। नवरात्र से यहां प्रारंभिक सर्वे का काम शुरू होने जा रहा है। शनिवार को कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने स्थानीय लोगों के साथ जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर इस प्रक्रिया पर चर्चा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशों के अनुसार अब क्षेत्र का सर्वे किया जाएगा। इसके लिए हल्द्वानी उपजिलाधिकारी राहुल शाह को जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वे टीम की सुविधा के लिए दमुवाढुंगा में जल्द ही कैम्प कार्यालय खोला जाएगा और सर्वे के दौरान क्षेत्र में पिलर लगाने का काम भी किया जाएगा।
उन्होंने अपील की कि स्थानीय लोग वार्ड-वार टीमें बनाकर सरकारी सर्वे टीम की मदद करें, ताकि काम तेज़ी और पारदर्शिता से हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीवर जैसी बुनियादी ज़रूरतों के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी।
गौरतलब है कि दमुवाढुंगा लंबे समय से बेनाप लैंड पर बसा हुआ था और यहां के लोग मालिकाना हक की मांग कर रहे थे। लगभग 40,000 की आबादी वाले इस क्षेत्र में नगर निगम के वार्ड 35, 36 और 37 शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में DGPS (डिफरेंशियल ग्लोबल पोज़िशनिंग सिस्टम) तकनीक से सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लोगों को अपने घर और जमीन का मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि यह स्थानीय जनता की वर्षों पुरानी मांग थी और मुख्यमंत्री के इस फैसले से अब क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। फैसले के बाद दमुवाढुंगा में खुशी का माहौल है।
बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
