हल्द्वानी: हल्द्वानी के नामी यूट्यूबर और ब्लॉगर सौरभ जोशी को अज्ञात बदमाशों ने 5 करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए धमकी दी है। आरोप है कि उन्हें भाऊ गैंग के नाम से धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है.। इस घटना से सौरभ और उनका परिवार दहशत में है। 15 सितंबर को धमकी वाला मेल मिलने के बाद सौरभ ने कोतवाली में सुरक्षा की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि जल्द ही उनकी शादी होने वाली है, ऐसे में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
हल्द्वानी एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मेल भेजने वाले ने खुद को ‘भाऊ गैंग’ से जुड़ा बताया है। साथ ही गैंग के सरगना को ‘छोटा डॉन’ के नाम से सक्रिय बताया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले भी मिल चुकी धमकियां:
यह पहली बार नहीं है जब सौरभ को इस तरह की धमकी मिली हो। पिछले साल भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर उन्हें धमकी दी गई थी। उस मामले में यूपी के बदायूं निवासी युवक को पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया था, जिसका किसी गैंग से संबंध नहीं था।
फिलहाल पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से धमकी भरे मेल का सोर्स खंगाल रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
