रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में बिना अनुमति जुलूस निकालने और पुलिस पर हमला करने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस ने जुलूस के मास्टरमाइंड नदीम अख्तर सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, 10 संदिग्धों से पूछताछ जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 21 सितंबर की रात काशीपुर थाना क्षेत्र के बांसफोड़ान चौकी अंतर्गत अल्लीखां चौक पर नदीम अख्तर ने करीब 400–500 लोगों के साथ सभा की। सभा समाप्त होने के बाद भीड़ अचानक नारेबाजी करते हुए बैनर और पोस्टर लेकर जुलूस की शक्ल में शहर की ओर बढ़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से बिना अनुमति जुलूस न निकालने की अपील की, लेकिन भीड़ आक्रामक हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया और सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी की तहरीर पर नदीम अख्तर सहित 400–500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और 10 संदिग्धों से पूछताछ जारी है। वहीं, प्रशासन ने इलाके में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

