देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड खालिद मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की पुष्टि देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने की है। पुलिस ने खालिद को हरिद्वार से दबोचा। इस बीच, परीक्षा केंद्र को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। जांच में खुलासा हुआ कि जिस कमरे में खालिद परीक्षा दे रहा था, वहां जैमर ही नहीं लगा था। अब एसआईटी इस मामले में परीक्षा केंद्र के स्टाफ और जैमर लगाने वाली टीम से गहन पूछताछ कर रही है।
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने इस केस की जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक (देहात) जया बलूनी को सौंपी है। जया बलूनी की अगुवाई में पुलिस टीम मंगलवार को हरिद्वार पहुंची और आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादरपुर जट का निरीक्षण किया। यही वह केंद्र है जहां से पेपर लीक हुआ था। टीम ने वहां के प्रिंसिपल, कक्ष निरीक्षकों और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की। इस दौरान मिले बयानों और सबूतों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।
जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र में कुल 18 कमरे थे, जिनमें 15 जैमर लगे हुए थे। लेकिन कमरा नंबर 9, 17 और 18 जैमर से खाली थे। इसी कमरा नंबर 9 में खालिद परीक्षा दे रहा था। इसी कमरे से उसने डिवाइस की मदद से प्रश्न पत्र के तीन पन्ने अपनी बहन साबिया को भेजे और फिर साबिया ने ये पेपर सहायक प्रोफेसर सुमन चौहान तक पहुंचाए।
अब पुलिस की जांच का फोकस जैमर लगाने वाली टीम पर है, क्योंकि कई सवाल उनके कामकाज को लेकर खड़े हो रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आखिर खालिद परीक्षा केंद्र के अंदर डिवाइस लेकर कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस को उम्मीद है कि खालिद की गिरफ्तारी के बाद पूरे पेपर लीक रैकेट का खुलासा हो सकेगा और यह भी पता चल पाएगा कि इसमें कितने लोग शामिल थे।
इस मामले में खालिद की एक और बहन हीना और लीक प्रश्नों को हल करने वाली सहायक प्रोफेसर सुमन चौहान पहले से ही पुलिस हिरासत में हैं। वहीं साबिया मलिक की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, साबिया को पहले से जानकारी थी कि उसके भाई ने परीक्षा में नकल की योजना बनाई है। इसके बावजूद उसने खालिद से प्राप्त प्रश्न पत्रों की तस्वीरें प्रोफेसर सुमन को भेजीं और उनसे हल भी करवाए। इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि हरिद्वार से गिरफ्तार किए गए मास्टरमाइंड खालिद मलिक से पूछताछ जारी है। पुलिस को उसके मोबाइल से कई अहम जानकारियां मिली हैं। उसे अब देहरादून लाकर गहराई से पूछताछ की जाएगी। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और देहरादून एसएसपी अजय सिंह की टीमें गोपनीय स्थान पर उससे पूछताछ कर रही हैं।

