खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस परियोजना के लिए लगभग 3300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप पूरे किए जाएं।
शारदा कॉरिडोर परियोजना का उद्देश्य लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का समग्र विकास करना है, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और पर्यावरणीय दृष्टि से सशक्त एवं आकर्षक बन सके। मुख्यमंत्री ने परियोजना में प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी रूप से पूरे किए जाएं।
प्रमुख कार्यों में शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान–1, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट विकास, चूका से चल्थी माउंटेन बाइक ट्रेल, अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार, श्रद्धा पथ नदी तट सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट मास्टर प्लान और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाएं शामिल हैं। सीएम ने भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों में पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए और डिज़ाइन स्थानीय संस्कृति व स्थापत्य शैली के अनुरूप तैयार किए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को क्षेत्र में स्थानीय कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।
इसके साथ ही, लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट और मां वाराही धाम को “स्पिरिचुअल जोन” के रूप में विकसित करने पर भी बल दिया गया। क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने और वीर शहीदों के सम्मान में “शौर्य स्थल” स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
