हल्द्वानी में पिता पुत्री की मौत
हल्द्वानी: बनभूलपुरा में सोमवार रात एसी का आउटडोर ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। पिता को करंट लगता देख 12 वर्षीय बेटी उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गई। हादसे के बाद स्वजन दोनों को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बनभूलपुरा के वार्ड छह में लाल मस्जिद के पास रहने वाले 45 वर्षीय नदीम कार के गैराज में काम करते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह घर की छत पर एसी का आउटडोर ठीक करने के लिए गए थे। इसी दौरान पास में लगे बिजली के पोल से करंट की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।
एसी का आउटडोर ठीक करते समय अचानक नदीम को करंट लग गया। करंट लगने के बाद उन्होंने चीख-पुकार की। आवाज सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची।
अलिज्बा ने जैसे ही अपने पिता को हाथ लगाया, वह भी करंट की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में दोनों बेसुध होकर गिर पड़े। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद कराई।
इसके बाद स्वजन और आसपास के लोग दोनों को आनन-फानन में डा. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नदीम और उनकी बेटी अलिज्बा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसा किस वजह से हुआ और बिजली के पोल से करंट एसी के आउटडोर तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।

