देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम आफत बन सकता है। मौसम विभाग ने 31 मई के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। वहीं मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना है।
बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है, जबकि मैदानी इलाकों में भी अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक तापमान हरिद्वार के रुड़की में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान नैनीताल के मुक्तेश्वर में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने पर्यटकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की हिदायत दी गई है। आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बादलों की गतिविधियां जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
