सांकेतिक
हल्द्वानी: शहर के गौजाजाली क्षेत्र से एक 15 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने एक अज्ञात युवक पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
स्वामी विहार, गौजाजाली उत्तर निवासी छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक जुलाई की सुबह वह अपनी बेटी को तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के मुख्य गेट तक छोड़कर आए थे। दोपहर में जब वह छुट्टी के समय उसे लेने स्कूल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि बेटी स्कूल परिसर में दाखिल ही नहीं हुई थी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू की गई।
छात्रा का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में छात्रा एक अज्ञात युवक के साथ नीले रंग की स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दी। परिजनों के अनुसार स्कूटी का नंबर एमपी-15 एमआर-0436 है।
परिजनों का यह भी कहना है कि छात्रा घर से अपनी मां के चार सोने के कड़े, दो हार, एक चेन, दो जोड़ी झुमके, छह अंगूठियां, करीब 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी अपने साथ ले गई है। परिवार ने आशंका जताई है कि युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से छात्रा की जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्कूटी नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्रा और आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं और छात्रा की शीघ्र बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
