हल्द्वानी: हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में योग प्रशिक्षक ज्योति मेर की रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश करते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बीते 30 जुलाई को हुई इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आज बहुद्देशीय भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि ज्योति मेर की हत्या उनके ही फिटनेस सेंटर में काम करने वाले अभय कुमार उर्फ राजा ने की थी।
ज्योति मेर (35 वर्ष) मूल रूप से जोधपुर, राजस्थान की रहने वाली थीं और हल्द्वानी के जेकेपुरम, छोटी मुखानी में किराए पर रहती थीं। वे मुखानी स्थित अजय योगा एंड फिटनेस सेंटर में बतौर योगा ट्रेनर कार्यरत थीं।
31 जुलाई की सुबह उनकी मित्र निशा जोशी ने परिवार को सूचना दी कि ज्योति अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। जब परिजन पहुंचे तो ज्योति बेसुध थीं। उनके सिर के पिछले हिस्से में सूजन और गले व हाथों पर दबाव व खरोंच के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका गहराई।
परिजनों ने योगा सेंटर संचालक अजय यदुवंशी और उसके भाई अभय उर्फ राजा पर हत्या का संदेह जताया। इसी आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सीसीटीवी फुटेज में अभय को संदिग्ध हालात में जाते हुए देखा गया। पुलिस ने उसकी तलाश नेपाल तक की और 19 अगस्त को नगला तिराहा, हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभय ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि फिटनेस सेंटर की जिम्मेदारियों को लेकर उसका और ज्योति का विवाद था। ज्योति और अजय के बीच संबंधों ने स्थिति को और बिगाड़ दिया, जिससे गुस्से में उसने ज्योति की गला दबाकर हत्या कर दी और नेपाल भाग गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है, जो इस मामले का अहम सबूत साबित होगा।

