देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें देहरादून के द्वारिका चौक स्थित कृष्णा मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सीने में दर्द और ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया।
अस्पताल में कराई गई ईसीजी (ECG) जांच में मामूली दिक्कत सामने आई है। कृष्णा मेडिकल अस्पताल के निदेशक डॉ. सिद्धांत खन्ना के मुताबिक, हृदय रोग विशेषज्ञों की सलाह पर मंत्री की अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी कराई जा रही हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में एक ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है।
गुरुवार को दर्ज मुकदमे में भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल की गई हैं।
मुकदमा दर्ज कराने के बाद कैबिनेट मंत्री ने फेसबुक पर एक वीडियो और अपने पति से जुड़ा ऑडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत देने का निर्णय लेना पड़ा। मंत्री के मुताबिक, उन्होंने यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया।
इस घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।



