चंपावत: जिले के सानिया गांव में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में एक पड़ोसी ने दरांती से हमला कर 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित सानिया गांव में शनिवार देर शाम अंबादत्त खर्कवाल पुत्र स्वर्गीय भैरव दत्त खर्कवाल अपने घर के पास थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी सुभाष खर्कवाल ने उन पर दरांती से कई वार कर दिए। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुभाष खर्कवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंपावत भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी बीएस बिष्ट ने बताया कि मृतक अकेले रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जो काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
