हल्द्वानी: बनभूलपुरा के जवाहर नगर में पत्नी से संबंध होने के शक में एक दामाद पर अपनी सास के मुंहबोले बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद रात में दामाद दोबारा घर पहुंचा और बरामदे में सो रहे 29 वर्षीय अमन ठाकुर का बिजली के तार से गला घोंट दिया। सुबह परिवार के लोगों ने अमन को मृत हालत में देखा तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने परिजनों के आरोप के आधार पर दामाद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ उत्तर प्रदेश निवासी अमन ठाकुर करीब तीन साल से जवाहर नगर वार्ड-14 में नगर निगम की सफाईकर्मी महिला के परिवार के साथ रह रहा था।
मंगलवार रात पड़ोस में बच्चे की जन्मदिन पार्टी थी। अमन भी पार्टी में गया था। आरोप है कि वहां महिला के दामाद ने अमन से पत्नी के साथ संबंध होने के शक को लेकर विवाद किया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इसके बाद अमन घर लौट आया और रोज की तरह बरामदे में सो गया।
परिवार का आरोप है कि रात करीब 12 बजे दामाद दोबारा वहां पहुंचा। उस समय अमन गहरी नींद में सो रहा था। आरोप है कि दामाद ने बिजली के तार से उसका गला घोंट दिया और इसके बाद अपने घर चला गया।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे परिवार के लोगों ने अमन को बरामदे में मृत पड़ा देखा। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और बिजली के तार को कब्जे में लिया।
परिवार के अनुसार, महिला की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और बेटा अभी छोटे हैं। दूसरी बेटी की शादी पास में रहने वाले युवक से हुई है। परिजनों का कहना है कि दामाद को अपनी पत्नी और अमन के बीच संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होते थे।
बताया गया कि अमन करीब तीन साल पहले अस्पताल में सफाईकर्मी की नौकरी के दौरान महिला के संपर्क में आया था। इसके बाद वह जवाहर नगर स्थित महिला के घर में रहने लगा। महिला उसे अपने बेटे की तरह मानती थी।
महिला के मुताबिक, उसने पहले अमन की शादी अपनी बड़ी बेटी से कराने के बारे में सोचा था, लेकिन बेटी ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने अमन को बेटे की तरह मान लिया और वह परिवार के साथ रहने लगा।
महिला नगर निगम में सफाईकर्मी है। उसके अनुसार, अमन घरेलू और सफाई के काम में भी उसकी मदद करता था। जब वह किसी काम से बाहर जाती थी तो अमन उसके स्थान पर काम में हाथ बंटाता था।
अमन के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

