नैनीताल: प्रसिद्ध गायिका और बिहार के अलीनगर से विधायक मैथिली ठाकुर रविवार को कैंची धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में करीब आधे घंटे बिताने के बाद उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान सिद्धि मां के मंदिर के स्थापना दिवस पर उन्होंने प्रसाद भी ग्रहण किया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओपी बिंद्रा और प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने मैथिली ठाकुर को मंदिर की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें बाबा नीब करौरी महाराज की लीलाओं से संबंधित पुस्तक भी भेंट की गई।
दर्शन के बाद मैथिली ठाकुर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन कर उन्हें बेहद सुकून मिला। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज देश ही नहीं, विदेशों में भी विख्यात हैं।
करीब आधे घंटे तक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद मैथिली ठाकुर हल्द्वानी के लिए रवाना हो गईं। वह रविवार शाम हल्द्वानी में आयोजित कुमाऊं महोत्सव में शामिल होने पहुंची थीं।
इस दौरान केसेलेश साह, एमपी सिंह, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, अनिल साह और महेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



