देहरादून: टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने को लेकर उठे विवाद के बीच सुलह की पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। वहीं, चर्चा है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी भी मांगी है। हालांकि, मंत्री की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत किया है। टीम की ओर से कहा गया कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। साथ ही उम्मीद जताई गई कि विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान के साथ मामला समाप्त किया जाएगा।
मीका सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे और दलेर मेहंदी से बात की है। मीका ने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना की। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है।
मीका सिंह ने यह संकेत भी दिया कि दोनों भाई जल्द ही उत्तराखंड में कार्यक्रम करने की योजना बना सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम को लेकर अभी कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।
विवाद की शुरुआत सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप किया था और गायक पर लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद कार्यक्रम और मंत्री के व्यवहार को लेकर विवाद बढ़ गया।
घटनाक्रम के बाद अब मुख्यमंत्री की ओर से दोनों गायकों को आमंत्रित किए जाने और बातचीत की पहल को विवाद शांत करने की दिशा में कदम माना जा रहा है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।



