रुद्रप्रयाग: बाबा केदार की नगरी में अब श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। केदारनाथ धाम में शुक्रवार को 40 बेड वाले अत्याधुनिक अस्पताल का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल का लोकार्पण करते हुए इसे चारधाम यात्रा के लिए बड़ी सौगात बताया। यह अस्पताल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से बनाया गया है, जबकि इसका संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थापित इस अस्पताल में अब श्रद्धालुओं को आपातकालीन चिकित्सा, ऑक्सीजन सुविधा, स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
….
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ जैसे दुर्गम क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल की स्थापना राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। यात्रा मार्गों पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य केंद्रों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लाखों लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल चुका है और सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
कार्यक्रम में मौजूद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल आने वाले समय में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।
