देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में दिव्यांगजनों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सीएम धामी ने स्वास्थ्य सचिव आर. राजेश कुमार को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएँ। इन शिविरों में उपचार के साथ-साथ प्रमाण पत्र, कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण मौके पर ही उपलब्ध कराए जाएँ।
दिव्यांगों को आरक्षण और पेंशन का पूरा लाभ
धामी ने कहा कि शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और पेंशन योजनाओं में दिव्यांगजनों को आरक्षण और सामाजिक सुरक्षा का पूर्ण लाभ दिया जाना चाहिए। समाज कल्याण विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए कि सभी पात्र दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त करें।
दिव्यांगजन हित योजनाओं को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि दिव्यांगों से जुड़े मुद्दों पर सतत और गंभीर रूप से कार्य किया जाए। उनका कहना था कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सक्षम बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
नए प्रोत्साहन और छात्रवृत्ति नियम
दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन: अब दिव्यांग युवक-युवती के विवाह पर मिलने वाली धनराशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी गई है।
छात्रवृत्ति योजना: कक्षा 1 से 8वीं तक के दिव्यांग छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आय सीमा समाप्त कर दी गई है।
विधायकों और बोर्ड सदस्यों के सुझाव
बैठक में उपस्थित विधायकों और बोर्ड सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर सीएम ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया।
