नैनीताल:ग्राम पंचायत जंगलिया के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में लालकुआ दुग्ध संघ ने क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के खातों में 5.11 लाख रुपये का बोनस वितरित किया। एक वर्ष में 6 समितियों से 89.28 लाख रुपये मूल्य का दूध खरीदा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में रुचि बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से परिवार की आर्थिकी मजबूत हो रही है और जैविक कृषि को भी बढ़ावा मिल रहा है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों का सहयोग संघ की सफलता की कुंजी है। उन्होंने आगामी योजना के तहत दुग्ध समिति और डेरी भवन निर्माण का प्रस्ताव भी साझा किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत बिना आर्य, ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण गंगोला समेत अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
संचालन की जिम्मेदारी सुभाष बाबू और प्रेम सिंह कुल्याल ने निभाई, जबकि अध्यक्षता हेमा पडियार ने की। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल और महिला समूह ने अतिथियों का स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

