प्रतीकात्मक तस्वीर.
रामनगर: नैनीताल के रामनगर में मंगलवार को एक साल के मासूम सुमित की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से दुखद निधन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक का परिवार मूलतः पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और रोजगार के सिलसिले में रामनगर में आया हुआ था। वर्तमान में वे ग्राम छोई क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
मासूम के पिता केसरी ने बताया कि मंगलवार सुबह सभी घर के बड़े सदस्य काम पर चले गए थे। घर पर केवल पत्नी और बड़ा बेटा मौजूद था। पत्नी कपड़े धोने को कोसी नदी गई हुई थी और बड़े बेटे को छोटे सुमित की देखरेख सौंपा गया था। खेलते-खेलते सुमित बाल्टी में गिर गया और जब परिवार लौटकर आया, तो उसने पानी में डूबा मासूम देखा। तुरंत उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। घटना को हादसा माना जा रहा है। मोहल्ले के लोग और पड़ोसी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और कह रहे हैं कि मजदूरी के लिए आए इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
