रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दशहरा उत्सव के दौरान अचानक आई तेज हवा और बारिश ने कार्यक्रम की तैयारियों को बड़ा झटका दिया। गांधी पार्क में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतले दहन से पहले ही धराशायी हो गए। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष रामपुर से आई टीम ने लगभग तीन महीने की मेहनत और डेढ़ लाख रुपये की लागत से 65 फीट ऊंचा रावण तथा 60-60 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाद के पुतले तैयार किए थे। अचानक आए तेज हवाओं के झोंकों से ये पुतले टूट-फूट गए।
आयोजक हरीश अरोड़ा ने बताया कि दर्शकों को निराश नहीं किया जाएगा। क्षतिग्रस्त पुतलों के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है और शाम को रावण दहन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की योजना बनाई जाएगी।
