हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में आज शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत थे। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने की।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य में कौशल विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा स्तर पर सफल प्रयोगों के बाद अब विश्वविद्यालयों में भी इस दिशा में विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक विश्वविद्यालय को 116 करोड़ रुपये की सहायता दे चुकी है और लक्ष्य है कि इसे राज्य का नंबर-1 विश्वविद्यालय बनाया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय अर्धसैनिक बलों, सैनिकों और पुलिस जवानों को उच्च शिक्षा देने के लिए संबंधित विभागों से एमओयू करे। साथ ही विश्वविद्यालयों के बीच शिक्षक अदला-बदली कार्यक्रम शुरू करने की बात कही, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और शोध संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है और निकट भविष्य में उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा।
कुलपति प्रो. लोहनी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों व आगामी योजनाओं की जानकारी दी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव खेमराज भट्ट ने किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, राज्यमंत्री, विश्वविद्यालय के निदेशक, प्रोफेसर व कर्मचारी उपस्थित रहे।
