हल्द्वानी। भगवान वाल्मीकी प्रकट दिवस के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा के चलते शहर में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा। प्रशासन ने दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को दोपहर 2 बजे से शोभा यात्रा समाप्ति तक प्रभावी डायवर्जन योजना जारी की है। यात्रा लक्ष्मी शिशु मंदिर बरेली रोड से शुरू होकर सिंधी चौराहा, रोडवेज, नैनीताल बैंक तिराहा, प्रेम टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग, राजपुरा, आर्मी गेट, तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा होते हुए भगवान वाल्मीकी पार्क तिकोनिया तक जाएगी।
शोभा यात्रा के दौरान पर्वतीय क्षेत्र से शहर हल्द्वानी आने-जाने वाले सभी मालवाहक वाहन और अति आवश्यक सेवा से जुड़े वाहन बायपास मार्ग का प्रयोग करेंगे। रोडवेज, सिटी और सिडकुल की बसें तय रूट के अनुसार अपने गंतव्य तक जाएंगी, लेकिन शोभा यात्रा के मध्य होने पर उन्हें तिकोनिया चौराहा या अन्य डायवर्जन पॉइंट्स पर रोक कर डायवर्ट किया जाएगा।
छोटे वाहनों के लिए भी अलग डायवर्जन तय किए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन नारीमन तिराहा काठगोदाम से डायवर्ट होकर गौलापार रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। काठगोदाम क्षेत्र से शहर की ओर आने वाले वाहन शोभा यात्रा के अलग-अलग पॉइंट्स पर निर्धारित मार्गों से डायवर्ट किए जाएंगे ताकि यातायात सामान्य रूप से चलता रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब शोभा यात्रा मुख्य मार्ग से गुजर रही होगी, तब रेलवे क्रॉसिंग, तिकोनिया चौराहा और कुल्यालपुरा चौराहा के आसपास सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों और शहरवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा मार्ग और डायवर्जन प्लान की जानकारी लेकर ही अपना रूट तय करें।
इस दौरान सड़क पर अलर्ट टीम तैनात रहेगी और आवश्यक संकेतक व मार्गदर्शन के माध्यम से यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। नागरिकों को अधिक समय लेकर यात्रा करने और निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की सलाह दी गई है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
