देहरादून: चौथ के पावन अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा दिया है। शासन ने शुक्रवार, 10 अक्टूबर को प्रदेशभर की सभी महिला कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित किया है। यह आदेश राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कार्मिकों पर लागू होगा।
सरकार के इस निर्णय का हर ओर स्वागत किया जा रहा है। शासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम महिलाओं की सुविधा और पारिवारिक मूल्यों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
करवा चौथ का पर्व विवाहित महिलाओं द्वारा अपने पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखकर मनाया जाता है। ऐसे में सरकार का यह निर्णय महिलाओं के लिए भावनात्मक और पारिवारिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
सूत्रों के अनुसार, अवकाश संबंधी आदेश मंगलवार देर शाम जारी किया गया, जिसके बाद सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों को इसकी जानकारी दे दी गई है। शासन के इस फैसले से महिला कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
