लालकुआं:: अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नैनीताल की इंटरमीडिएट टॉपर आयुषी भट्ट को विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में हुए बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेशभर की मेधावी बालिकाओं को स्मार्टफोन और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर नैनीताल जिले की शान बनीं आयुषी भट्ट, जो इंटरमीडिएट परीक्षा में शीर्ष स्थान पर रहीं, को भी राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बालिकाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनके उज्जवल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है।
कार्यक्रम में प्रत्येक जिले की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की तीन-तीन टॉपर बालिकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, आयुषी की इस उपलब्धि पर पूरे नैनीताल जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने आयुषी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है।
