हल्द्वानी : दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग प्रदेशभर में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर सख्त निगरानी रखे हुए है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने हल्द्वानी में बरेली से लाई जा रही लगभग 8 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त की है। मिठाई की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर उपायुक्त खाद्य सुरक्षा, कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र की कई खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान भारी अस्वच्छता और बिना एफएसएसएआई लाइसेंस के उत्पादन पकड़ा गया, जिसके चलते कई इकाइयों को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मिठाई, बताशा और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा गया है। विभाग ने सभी कारोबारियों को केवल स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त उत्पाद ही बेचने, बिल के साथ खरीदारी करने और स्टॉक का सही रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. कठायत ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरे कुमाऊं मंडल में निगरानी बढ़ा दी गई है। मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की प्रवर्तन टीमें नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में भी सतर्कता अभियान जारी रखे हुए हैं।
