हल्द्वानी: देश के प्रख्यात जननेता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी की 100वीं जयंती और पुण्यतिथि के मौके पर शनिवार को हल्द्वानी मंडी परिसर में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उनकी प्रतिमा का अनावरण और स्व. नारायण दत्त तिवारी पार्क का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने किया। उन्होंने तिवारी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे एक “विकास पुरुष” और सच्चे जननायक थे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड—दोनों राज्यों को नई दिशा दी।

डॉ. डब्बू ने कहा कि स्व. तिवारी का योगदान शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडी परिषद किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और भविष्य में मंडी क्षेत्र के विकास के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने तिवारी जी को विकास की राजनीति का अग्रदूत बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
समारोह में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, मेयर गजराज बिष्ट, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, मोहन गिरी गोस्वामी, दीपक बल्यूटिया समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्व. नारायण दत्त तिवारी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
