खटीमा/टनकपुर: चंपावत जिले के टनकपुर में दिवाली की आतिशबाजी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत मनिहार गोठ में मंगलवार शाम 20 वर्षीय युवक समीर हुसैन की आंख पटाखे के फटने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवक को तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पटाखा बचाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार समीर हुसैन अपने घर के पास दिवाली के पटाखे जला रहा था। इस दौरान एक पटाखा जलाने के बाद जब वह दूसरा बचाने गया तो अचानक विस्फोट हो गया, जिससे उसकी आंख बुरी तरह जख्मी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया स्थिति गंभीर
टनकपुर उप जिला चिकित्सालय के डॉक्टर आफताब अंसारी ने बताया कि युवक की आंख में गहरी चोट आई है और रक्तस्राव भी हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले हर साल आतिशबाजी के दौरान सामने आते हैं, जिनमें कई बार स्थायी नुकसान भी हो जाता है।
