नैनीताल: दीपावली पर्व के बाद नगर क्षेत्रों फैली गंदगी और कूड़े के ढेरों को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद के सभी नगर निकायों और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पटाखों और अन्य उत्सव सामग्री से उत्पन्न कचरे की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक नगर निकाय अधिकारी अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी कर उसकी फोटो रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। हल्द्वानी नगर में सफाई कार्य को तेज़ी से निपटाने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, नगर निगम आयुक्त को स्वयं इस विशेष सफाई अभियान की निगरानी करने को कहा गया है, ताकि शहर को शीघ्र ही स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
