ऋषिकेश: ऋषिकेश से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में शामिल युवकों की स्कॉर्पियो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसा देर रात गूलर–पावकी देवी मार्ग पर हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक गुमानीवाला से निकली एक बारात में शामिल होने नरेंद्र नगर के नाई गांव जा रहे थे। रास्ते में कुंडिया गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद कार में सवार एक युवक ने किसी तरह अपने दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी और लोकेशन भेजी, लेकिन तुरंत बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे के बीच कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में घायल युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीन युवकों के शव खाई से निकालकर पुलिस को सौंपे गए।
घटना के बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजहों की जांच भी की जा रही है।
भाई दूज से ठीक पहले हुई इस दुर्घटना ने तीन परिवारों में कोहराम मचा दिया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और बारात वाला घर भी सदमे में डूब गया है।
