नैनीताल: सरोवर नगरी की हवा में अभी भी सुधार की जरूरत है। गुरुवार को यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के अनुसार पीएम 2.5 की मात्रा 64 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज की गई। इस कारण नगर के वातावरण में हल्की धुंध नजर आई।
दीपावली के दौरान हुई आतिशबाजी के चलते वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया था। दीपावली के दूसरे दिन पीएम 2.5 की मात्रा 111 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही, जो पिछले वर्ष 119 माइक्रोग्राम के मुकाबले कम थी। गुरुवार को वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार आया, लेकिन धुंध का असर अभी भी बना हुआ है।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि नैनीताल में वायु प्रदूषण सामान्य स्तर से ढाई गुना अधिक है। सामान्य परिस्थितियों में पीएम 2.5 की मात्रा लगभग 25 माइक्रोग्राम रहती है। उन्होंने बताया कि यदि अगले कुछ दिनों में बारिश या तेज हवा चले, तो प्रदूषण जल्द कम हो जाएगा। मौसम अगले कुछ दिन शुष्क रहने की संभावना है, सोमवार से हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
नगर प्रशासन ने दीपावली के मद्देनजर वायु प्रदूषण की निगरानी 15 दिनों तक जारी रखने के आदेश दिए हैं।
