हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी ने शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक और अहम पहल की है। मुख्य नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने गुरुवार को गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अपशिष्ट निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड में दूसरी प्रोसेसिंग मशीन को इंस्टॉल कर चालू किया गया। अब दो मशीनों के संचालन से पुराने एकत्रित कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया दोगुनी तेजी से हो सकेगी।
मुख्य नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि नगर क्षेत्र में प्रतिदिन भारी मात्रा में अपशिष्ट एकत्र होता है। नई मशीन के शुरू होने से न केवल निस्तारण की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता मिशन को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य “स्वच्छ, स्वस्थ और हरित हल्द्वानी” बनाना है। इसके लिए ट्रंचिंग ग्राउंड पर आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
