हल्द्वानी: शहर में ट्रैफिक जाम और बारिश के समय जलभराव से राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। एशियाई विकास बैंक (ADB) की सहायता से हल्द्वानी की करीब 16.5 किलोमीटर सड़कों और प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना हल्द्वनी को स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
तीनपानी से बरेली रोड तक शुरू होगा पहला चरण:
एडीबी परियोजना के पहले चरण में तीनपानी से बरेली रोड तक सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी की नई व्यवस्था बनाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, इस काम का सर्वे और डिजाइन तैयार हो चुका है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फील्ड पर काम शुरू होगा।
परियोजना के तहत कई प्रमुख चौराहों को नए सिरे से डिजाइन किया जाएगा ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या कम की जा सके और पैदल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले। सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ डिवाइडर, सिग्नल सिस्टम और ड्रेनेज लाइन को भी अपग्रेड किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह योजना समय पर पूरी हो गई, तो हल्द्वानी की सड़कों पर जाम और जलभराव की परेशानी काफी कम हो जाएगी। लंबे समय से जिस चौड़ीकरण की योजना का इंतजार था, वह अब एडीबी की मदद से साकार होने जा रही है। शहर में रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है, खासकर बरेली रोड, नैनीताल रोड और टीपी नगर क्षेत्र में। लोक निर्माण विभाग ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रोड चौड़ीकरण और बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट की तैयारी शुरू कर दी है।
