ऋषिकेश: बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार शाम तोताघाटी के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पेंट और पुट्टी से लदी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में देहरादून के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
देवप्रयाग थानाध्यक्ष एल.एस. बुटोला के अनुसार, मृतकों की पहचान मोहन सिंह (25) पुत्र तारा सिंह, वाहन स्वामी प्रवीण राठौर (25) पुत्र दिनेश कुमार और ताराचंद्र (24) पुत्र सुरेश चंद्र, तीनों निवासी डोईवाला, देहरादून के रूप में हुई है।
मृतक मोहन की मां बबली कौर ने सोमवार सुबह पुलिस चौकी बछेलीखाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा और उसके साथी 25 अक्तूबर की रात एशियन पेंट्स के गोदाम, कुआंवाला से गोपेश्वर के लिए माल लेकर निकले थे, लेकिन 26 तारीख की सुबह तक नहीं पहुंचे। फोन लगातार स्विच ऑफ आने पर परिवार चिंतित हो गया। मोबाइल की अंतिम लोकेशन साकनीधार के पास मिली थी।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी एसआई दीपक लिंगवाल टीम और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान तोताघाटी क्षेत्र में दो पैराफिट टूटे मिले। नीचे खाई में पेंट और पुट्टी का सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। करीब 250 मीटर नीचे पिकअप वाहन के मलबे और शवों के निशान मिले।
इसके बाद एसडीआरएफ व्यासी टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर पंचनामा भरने और अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण मान रही है।
