रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से शिक्षकों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्कूल की छुट्टी होने के बाद शिक्षक स्कूल पर ताला लगाकर घर चले गए, जबकि एक बच्चा क्लासरूम में ही बंद रह गया। कुछ देर बाद स्कूल के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर आसपास के व्यापारी स्कूल गेट पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्कूल का ताला तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला। इस दौरान बच्चा काफी डरा और सहमा हुआ था।
मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब मोहल्ले स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-12 का है। सोमवार, 27 अक्तूबर को स्कूल की छुट्टी के समय एक बच्चा क्लास में सो गया था। शिक्षकों की नजर उस पर नहीं पड़ी और उन्होंने स्कूल में ताला लगाकर छुट्टी कर दी। बच्चे के सोते रहने के कारण वह अंदर ही बंद रह गया। जब कुछ घंटे बाद बच्चे की नींद खुली तो उसने खुद को क्लासरूम में बंद पाया और रोने लगा।
लगातार रोने की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी स्कूल की ओर पहुंचे। उन्हें पता चला कि आवाज स्कूल के अंदर से आ रही है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और बच्चे को बाहर निकाला। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने शिक्षकों की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह गलती बच्चे की जान पर भारी पड़ सकती थी।
इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। फिलहाल, विभाग इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
