नैनीताल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय नैनीताल दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला सभागार कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति का जनपद भ्रमण 3 और 4 नवंबर 2025 को प्रस्तावित है। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें, ताकि भ्रमण कार्यक्रम सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित की जाएं, ताकि अंतिम समय पर किसी भी प्रकार की कमी या असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, आवास, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक टीम को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रपति के भ्रमण मार्ग, कार्यक्रम स्थल और आवास स्थल पर सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
