हल्द्वानी: शहर के काठगोदाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉलटैक्स क्षेत्र में एक व्यक्ति अचानक सिंचाई विभाग की नहर में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर काठगोदाम थाना पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नहर में गिरने वाले व्यक्ति की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। जल पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार नहर के किनारों और गहराई वाले हिस्सों में तलाशी अभियान चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अचानक हुई और किसी ने यह नहीं देखा कि व्यक्ति किस कारण नहर में गिरा। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन अब तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सर्च ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक व्यक्ति का पता नहीं चल जाता।
