रिपोर्टर : गुंजन
नैनीताल: 01 नवम्बर 2025 शनिवार देर रात नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोगांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाबा नीब करौरी के कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक सोनू कुमार (32) निवासी रोहतक (हरियाणा) और गौरव बंसल, निवासी बदरपुर (दिल्ली) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। 108 सेवा और अन्य एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है।
