नैनीताल : महामहिम राष्ट्रपति भारत गणराज्य के आगामी नैनीताल भ्रमण को देखते हुए जिले में सुरक्षा और यातायात की चाक-चौबंद व्यवस्था कर दी गई है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने सुरक्षा की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने आज नैनीताल में पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति में त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में दिए गए सख्त निर्देश
वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी के सभी मानकों के अनुसार कार्य करें।
आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार रखें लेकिन हर गतिविधि पर सतर्क निगाह बनाए रखें।
कार्यक्रम स्थल पर बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा।
ड्यूटी समाप्ति का आदेश मिलने से पहले कोई भी कर्मी अपना ड्यूटी पॉइंट न छोड़े।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए।
सभी प्रकार के ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध रहेगा, एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया गया है।
बम निरोधक दस्ते, एलआईयू, एटीएस और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड में रहेंगी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव
ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय श्री करन सिंह नगन्याल, और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी कुमाऊं ने पुलिस बल को संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में हर कर्मी को अनुशासन, व्यवहार और दक्षता से अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
आईजी अभिसूचना ने हाल के आतंकी घटनाक्रमों के मद्देनजर अधिकारियों को अधिक सतर्क और सक्रिय रहने को कहा। वहीं, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल ने प्रशासन की ओर से पुलिस को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

सुरक्षा के मोर्चे पर तैनात रहेंगे इतने जवान
राजपत्रित अधिकारी: 31
निरीक्षक/SI: 302
हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल: 938
PAC: 03 कंपनी + 02 प्लाटून
टीमें: फायर, एटीएस, SDRF, BDS सभी अलर्ट मोड पर
संचार और रूट व्यवस्था की समीक्षा
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने वीवीआईपी कार्यक्रम की रूट और फोर्स डिप्लॉयमेंट की विस्तृत जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार श्री रेवाधर मठपाल ने संचार प्रणाली की पूर्ण तैयारी की जानकारी साझा की।
संदेश स्पष्ट — सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने कहा कि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक डाइवर्जन सुव्यवस्थित रखा जाएगा।
साथ ही सभी इंटेलिजेंस, बम निरोधक, स्वान दल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को एक्टिव मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
